प्रदेश

हरियाणा के कंटेनर चालक पुलिस चेकिंग के दौरान रतलाम में 5.37 करोड़ की अवैध शराब के साथ गिरफ्तार 

अरुण त्रिपाठी
रतलाम , 31 अक्टूबर ;अभी तक;  चुनाव को लेकर जारी चेकिंग के दौरान जिले की पुलिस को बिलपांक थाना क्षेत्र में 5.37 करोड़ की अवैध शराब मिली| अवैध शराब दो कंटेनरों में भरकर हरियाणा के चालक ले जा रहे थे । आरोपियों से करीब 1050 पेटी शराब जब्त कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
                              एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि मुखबिर से अवैध शराब का परिवहन होने की सूचना मिली थी। इस पर बिलपांक थाना प्रभारी मुनेंद्र कुमार गोतम के नेतृत्व में टीम का गठन कर सोमवार रात को कार्रवाई की गई। महू-नीमच हाइवे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान ट्रक क्रमांक HR 55 AM 5613 एवं HR 55 AF 7232 में बड़ी मात्रा में (1050 पेटी) अवैध शराब भरी होना पाई गई।
                                पुलिस ने ट्रक चालकों भगवान पिता उमेद सिंह जाट निवासी बालंद जिला रोहतक हरियाणा एवं सतीश कुमार पिता जगदीश जाट निवासी मलिकपुर हरियाणा से शराब के परिवहन से संबंधित कागजात के बारे में पूछताछ की,तो वे कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने इस पर विधिवत अवैध शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर वाहनों को जब्त करते हुए थाना बिलपांक पर प्रकरण दर्ज कर दोनो ट्रक आरोपियों को हिरासत में लिया।
                                 एसपी के अनुसार दोनो आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में शराब भिवंडी महाराष्ट्र से लेकर उत्तरप्रदेश ले जाने की बात सामने आई है। जब्त की गई शराब में 900 पेटी जैक डेनियल, 50 पेटी जेंटलमैन जैक, 100 पेटी जैक डेनियल हनी, कुल 1050 पेटी अवैध शराब है | इसकी कीमत लगभग 5 करोड 37 लाख रुपए है और दो कंटेनर वाहनो की कीमत 60 लाख बताई गई है | इस कार्यवाही में थाना प्रभारी बिलपांक मुनेंद्र कुमार गोतम के साथ अल्केश सिंगाड, जगदीश तोमर, अरविंद भवरेला, रमेश डाबी, राजेंद्र जगताप, माखनसिंह, हेमंत यादव, अमित यादव, चतर सिंह , योगेश बाल्के, विजय कोगे, दुर्गालाल गुजराती, सिमोन कटारा का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button