प्रदेश

मोदी सरकार में हर क्षेत्र में हुआ समग्र विकास : केन्द्रीय मंत्री तेली

आशुतोष पुरोहित
खरगोन ११ जून ;अभी तक;  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने इन 9 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, रक्षा, धर्म, अध्यात्मक, विज्ञान, तकनीक एवं कृषि सहित पूरे देश में चौतरफा कार्य किए हैं। 2014 के पहले भारत अपनी रक्षा संबंधी जरूरतों के लिए दुनिया की ओर देखता था, और वर्तमान में भारत इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने के साथ साथ हम दुनिया को हथियार निर्यात कर रहे हैं। भारत की सेटेलाइट तकनीकी का दुनिया लोहा मान रही है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच का परिचायक है। यह बात केंद्रीय पेट्रोलियम राज्यमंत्री श्री रामेश्वर तेली ने खरगौन के कृष्णा रिसोर्ट में पत्रकार-वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही। श्री तेली ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को एलईडी सक्रिन पर पीपीटी प्रजेंटेशन के द्वारा प्रस्तुत किया।
                       श्री तेली ने कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल के मूल्य अंतर्राष्ट्रीय आधार पर तय होते हैं। सभी राज्यों में स्वयं की टैक्स व्यवस्था होने से देश में इनके मूल्यों में एकरूपता नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं हमारा मंत्रालय चाहता है कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाकर इसके मूल्य में एकरूपता लाई जाए। जीएसटी काउंसिल में इस विषय पर चर्चा हों, लेकिन पश्चिम बंगाल एवं दिल्ली राज्य सरकारों ने इस पर आपत्ति जताई है। विपक्ष के विरोध के कारण अब तक पेट्रोल-डीजल जीएसटी के दायरे में नहीं आ पाए हैं।
मोदी सरकार 9 वर्ष के कार्यकाल में लाई अनेक जनहितैषी योजनाएं
                            केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री श्री तेली ने कहा कि मोदी सरकार अपने 9 वर्ष के कार्यकाल में अनेकों बड़ी-बड़ी योजनाएं जनता के लिए लाई हैं। जिनमें आवास योजना, नल-जल योजना, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 5 लाख की आयुष्मान योजना इनके उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जुड़ने के लिए सड़कों का निर्माण निरंतर किया जा रहा है। कृषि के क्षेत्र में भी मोदी सरकार प्रारंभ से प्रतिबद्ध है। सरकार ने खाद की कीमत नहीं बढ़ाई और समय पर पर्याप्त खाद किसान को मिल रहा है। किसानों को 6 हजार रूपए वार्षिक सम्मान निधि प्राप्त हो रहा है। श्री तेली ने कहा कि कहा 30 जून को खरगौन संसदीय क्षेत्र में विशाल सभा का आयोजन होगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के शामिल होने की उम्मीद है। श्री तेली ने कहा उनका विभाग बीना रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ रुपए खर्च करने जा रहा है। श्री तेली ने इस दौरान विभागीय योजनाओं व कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
नया भारत मोदी जी के सपनों का भारत है
केन्द्रीय मंत्री श्री तेली ने कहा कि मोदी सरकार के बीते 9 वर्षों में भारत गरीबों एवं वचितों की सेवा करने वाला, नारी शक्ति को संबल देने वाला, युवाओं के सपनों को पूरा करने वाला, किसानों के कल्याण को सुनिश्चित करने वाला, सबके लिए सहज और उत्तम सेवाएं उपलब्ध कराने वाला तथा निरंतर विकास करने वाला भारत बना है। उन्होंने कहा कि आज का भारत विरासत के साथ विकास करने वाला भारत है। आज भारत के विकास में गति भी है, शक्ति भी है, सुरक्षा भी है और संयम भी। यह नया भारत है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सपनों का भारत है। यह मिशन इंडिया के तहत आगे बढ़ता हुआ भारत है।
सांसद गजेन्द्र पटेल ने संसदीय क्षेत्र में हुए विकास कार्य की दी जानकारी
                               अनुसूचित जन जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व खरगौन सांसद श्री गजेंद्रसिंह पटेल ने पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कहा कि संसदीय क्षेत्र में दो लाख से अधिक बहनों को उज्ज्वला योजना में रसोई गैस कनेक्शन दिए गए हैं। किसान सम्मान निधि में तीन लाख 40 हजार 973 किसानों के खातों में 687.60 करोड़ रुपए जमा किए गए हैं। एक लाख 85 हजार 352 लोगों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास उपलब्ध करायें गये हैं एवं 28 हजार 283 परिवारों को शहरी आवास का लाभ मिला है। श्री पटेल ने जलजीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, भारत माला प्रोजेक्ट, जिला मुख्यालय पर सशस्त्र बल बटालियन की स्वीकृति, मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति सहित विभिन्न सौगातों का वर्णन किया।
                           पत्रकार-वार्ता के दौरान मंच पर खरगौन जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्रसिंह राठौर, बड़वानी जिला अध्यक्ष श्री ओम सोनी, अभियान के खरगोन लोकसभा क्षेत्र संयोजक श्री कल्याण अग्रवाल, सहसंयोजक श्री लोकेश शुक्ला, श्री राजेंद्र यादव, श्री महिम ठाकुर, श्री विक्रम चौहान, कार्यक्रम प्रभारी श्री प्रकाश भावसार, सह प्रभारी श्री सुनील भावसार मंचासीन थे।

Related Articles

Back to top button